चंडीगढ़, चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एसआईपी एबेकस अकादमी के सहयोग से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को पेंटिंग प्रतियोगिता और जागरूकता सत्र का आयोजन किया। सेक्टर-30ए स्थित बाबा माखन शाह लोबाना भवन में आयोजित कार्यक्रम में शहर के चार स्कूलों के 1200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि करीब 1500 अभिभावक भी सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र में शामिल हुए।
कार्यक्रम डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, आईजी पुष्पेंद्र कुमार, एसएसपी (सिक्योरिटी एवं ट्रैफिक) सुमेर प्रताप सिंह तथा डीएसपी (ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी) लक्ष्य पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल (सेक्टर-9), चितकारा इंटरनेशनल स्कूल (सेक्टर-25), सेंट ऐन्स स्कूल (सेक्टर-32) और दिल्ली पब्लिक स्कूल (सेक्टर-40) के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मोटर वाहन अधिनियम की दी जानकारी
जागरूकता सत्र में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क, सेक्टर-23 की प्रभारी इंस्पेक्टर डॉ. परवेश शर्मा और उनकी टीम ने प्रतिभागियों को मोटर वाहन अधिनियम-1988, केंद्रीय मोटर वाहन नियम-1989 तथा ड्राइविंग रेगुलेशन-2017 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सड़क सुरक्षा की शपथ लेते हुए यातायात नियमों का पालन करने तथा दुर्घटना-मुक्त चंडीगढ़ बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।