चंडीगढ़, भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था की ओर से शहर को हरा-भरा बनाने के लिए चलाए जा रहे 1001 पौधे लगाने के अभियान के तहत गुरुवार को सेक्टर-34 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंजाब स्टेट ह्यूमन राइट्स कमीशन के सदस्य जस्टिस गुरबीर सिंह ने पौधारोपण कर किया।
कार्यक्रम के दौरान अनार, अमरूद, पपीता, संतरा, मोरिंगा, आम, जामुन सहित विभिन्न फूलदार पौधे लगाए गए। जस्टिस गुरबीर सिंह ने भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, हवा को शुद्ध करने, वर्षा में सहायक बनने, मिट्टी के कटाव को रोकने और वन्यजीवों को आश्रय देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ मानव जीवन का आधार हैं और इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी अनूप सरीन ने किया। उन्होंने वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का संदेश देते हुए एक प्रेरक गीत भी प्रस्तुत किया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
इस अवसर पर संस्था से बरफ सिंह पंवार, पायलट सिंह, राम बहादुर, बसंत जोशी, नरेश गोयल, सुभाष, सुदर्शन पाराशर, जोगिंदर गोयल, राज, उषा मानसी, मीनाक्षी, पुष्पा, राजिंदर, विजय जिंदल, सूर्या, अमित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।