चंडीगढ़, उत्कल सांस्कृतिक संघ की ओर से सेक्टर-31 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। फूलों से सजे रथ में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। पूरे मार्ग में 'जय जगन्नाथ' और 'हरे कृष्ण' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहर के विभिन्न सेक्टरों में रथयात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा शुरू होने से पहले मुख्य राजा डॉ. देबादत्ता पानिग्रही ने पारंपरिक 'छेरा पहरा' (सोने की झाड़ू से रथ की सफाई) की रस्म निभाई। भगवान की पूजा-अर्चना के बाद दोपहर एक बजे रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। चंडीगढ़ प्रशासन के वित्त सचिव दीप्रवा लकड़ा (आईएएस) और पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल ने यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पद्मश्री प्रो. (डॉ.) दिगंबर बेहरा, पीजीआईएमईआर के डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) राधाकांत राठो, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुशांत कुमार साहू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शहर के प्रमुख सेक्टरों से होकर निकली यात्रा
रथयात्रा सेक्टर-31 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर सेक्टर-32, 29, 30, 20, 21, 34, 44, 45 और 47 से गुजरते हुए रात करीब नौ बजे पुनः मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में इस्कॉन और श्री चैतन्य गौड़ीय मठ के संन्यासियों व भक्तों ने कीर्तन किया। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए भगवान के रथ के साथ चलते रहे। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।
24 जुलाई को होगी बहुड़ा यात्रा
उत्कल सांस्कृतिक संघ के वाइस चेयरमैन एस.के. भुइयां ने बताया कि रथयात्रा के बाद भगवान जगन्नाथ मौसी मां के घर विराजमान होंगे। 17 से 24 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 8 से 10 बजे तक मंदिर परिसर में भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 जुलाई को भगवान की वापसी यात्रा 'बहुड़ा यात्रा' निकाली जाएगी।
संयुक्त सचिव बी. पात्रा ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ अपनी बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र के साथ नौ दिनों तक मौसी मां के घर विराजते हैं। इसके बाद बहुड़ा यात्रा के माध्यम से श्री मंदिर लौटते हैं, जहां माता लक्ष्मी का मान-मनौवल करने की परंपरा भी निभाई जाती है।
कार्यक्रम में उत्कल सांस्कृतिक संघ के अध्यक्ष प्रो. आर.के. राठ, सुशांत कुमार, अरुण कुमार, बसंत कुमार दास, पी.एन. मलिक, रतिकांत, प्रशांत कुमार, दिवाकर तथा कोषाध्यक्ष एस.के. नायक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।