चंडीगढ़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ में करीब ₹1200 करोड़ की लागत वाली तीन प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर (ANC) और एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर (AMCC) का उद्घाटन तथा क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCB) का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से उत्तर भारत के करोड़ों मरीजों को अत्याधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने कहा कि ये परियोजनाएं देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि पीजीआईएमईआर हमेशा आर्थिक स्थिति से परे प्रत्येक मरीज को उच्चस्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और नए केंद्रों के शुरू होने से संस्थान की उपचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर देश के सबसे आधुनिक न्यूरोलॉजिकल उपचार केंद्रों में शामिल होगा। इसमें अत्याधुनिक जांच सुविधाएं, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक आईसीयू और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रो. लाल के अनुसार, वर्ष 1967 में न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी की शुरुआत 50 बिस्तरों से हुई थी, जबकि अब यह क्षमता बढ़कर 400 से अधिक बिस्तरों तक पहुंच जाएगी। इससे स्ट्रोक, ब्रेन ट्यूमर, रीढ़ संबंधी रोग, मिर्गी और अन्य जटिल न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के इलाज को नई गति मिलेगी।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगी मजबूती
एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर में माताओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के लिए विशेष आईसीयू, आधुनिक लेबर सूट, उन्नत नवजात सेवाएं और आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रो. लाल ने कहा कि पीजीआई ने देश में कई नवजात सेवाओं की शुरुआत की थी और नया केंद्र मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी ने मजबूत क्रिटिकल केयर इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता को स्पष्ट किया। इसी को ध्यान में रखते हुए बनने वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर मरीजों को समय पर आईसीयू और वेंटिलेटर सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
'मरीज कम नहीं, सुविधाएं बढ़ाना हमारा लक्ष्य'
प्रो. विवेक लाल ने कहा कि पीजीआईएमईआर में हर वर्ष करीब 30 लाख मरीज उपचार के लिए आते हैं, जबकि प्रतिदिन 10,000 से 15,000 ओपीडी परामर्श होते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती मरीज संख्या संस्थान पर लोगों के भरोसे का प्रतीक है। इसलिए मरीजों की संख्या घटाने के बजाय स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का लगातार विस्तार करना ही समाधान है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पीजीआईएमईआर अत्याधुनिक उपचार न्यूनतम या नि:शुल्क लागत पर उपलब्ध करा रहा है। संस्थान अब तक 5,500 से अधिक किडनी प्रत्यारोपण कर चुका है। इसके अलावा लिवर, हार्ट, फेफड़े और कॉर्निया प्रत्यारोपण सेवाएं भी लगातार विस्तारित की जा रही हैं।
डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में भी पीजीआईएमईआर ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। संस्थान अब तक 40 लाख से अधिक टेलीमेडिसिन परामर्श दे चुका है और देशभर के 250 से अधिक चिकित्सा संस्थानों तक शैक्षणिक कार्यक्रमों का प्रसारण कर रहा है। वहीं, मरीजों की सहायता के लिए शुरू की गई 'सारथी' पहल के तहत हजारों छात्र स्वयंसेवक अस्पताल में मरीजों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।