चंडीगढ़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि देश के लिए नियोजित विकास, बेहतर जीवनशैली और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का मॉडल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाकर आम नागरिक का जीवन आसान करना है। इसी सोच के तहत चंडीगढ़ में 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, जिनका लाभ चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी मिलेगा।
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस जैसी परियोजनाओं ने चंडीगढ़ को आधुनिक शहर के रूप में नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता लागू करने की शुरुआत भी चंडीगढ़ से हुई, जो न्याय आधारित व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पीजीआई के विस्तार से लाखों मरीजों को राहत
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ पूरे उत्तर भारत के लिए चिकित्सा सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर, एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक जैसी परियोजनाएं स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि 2015 में पीजीआई के दीक्षांत समारोह में आने के बाद से संस्थान की क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने पीजीआई के चिकित्सकों, प्रोफेसरों, शोधकर्ताओं और युवा डॉक्टरों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में नए एम्स, मेडिकल कॉलेज, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और ई-संजीवनी जैसी पहल के जरिए स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। टीबी उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पीजीआई में एमबीबीएस कॉलेज को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही यहां प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे देश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
शिक्षा, शोध और कनेक्टिविटी पर भी फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ के शिक्षा एवं शोध संस्थान भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और डीप-टेक जैसे क्षेत्रों में देश को नई दिशा देंगे। उन्होंने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, सरकारी कॉलेज सेक्टर-46 और रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा और अनुसंधान का वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आईटी सिटी-कुराली छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे और अन्य सड़क परियोजनाओं को क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इनसे यातायात का दबाव कम होगा और उद्योग-व्यापार को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए चंडीगढ़ में चलाए गए 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान की सराहना की तथा पूर्व आईपीएस अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू के स्वच्छता अभियान में योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नई तकनीक और मजबूत आधारभूत ढांचा सबसे अहम आधार हैं तथा केंद्र सरकार इसी दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।