चंडीगढ़, नगर निगम चंडीगढ़ ने शनिवार को शहर के विभिन्न अधिसूचित वेंडिंग जोन में 498 पात्र रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को ड्रा ऑफ लॉट्स के माध्यम से 498 खाली वेंडिंग साइटों का आवंटन किया। हालांकि, ड्रॉ के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा भी किया, लेकिन निगम अधिकारियों ने प्रक्रिया जारी रखी। निगम ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताया।
ड्रा की प्रक्रिया संयुक्त आयुक्त डॉ. हिमांशु गुप्ता, पार्षद एवं पर्यवेक्षक तरुणा मेहता, टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) की सदस्य चंचल रानी और साबरा तथा वेंडर सेल के अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। निगम के अनुसार आवंटन स्ट्रीट वेंडर्स (प्रोटेक्शन ऑफ लाइवलीहुड एंड रेगुलेशन ऑफ स्ट्रीट वेंडिंग) एक्ट-2014, चंडीगढ़ स्ट्रीट वेंडर्स नियम एवं योजना तथा उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप किया गया।
व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था पर जोर
नगर निगम का कहना है कि इस पहल से पात्र विक्रेताओं को सुरक्षित और निर्धारित स्थान पर रोजगार का अवसर मिलेगा। साथ ही, अनधिकृत वेंडिंग पर नियंत्रण, शहर में सुव्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था और बेहतर शहरी प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा। निगम ने कहा कि वह भविष्य में भी स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन जारी रखेगा।