चंडीगढ़, पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सोमवार को टैगोर थिएटर में आयोजित सप्ताहभर के कारगिल विजय दिवस स्मृति समारोह में कारगिल युद्ध के वीर जवानों, शहीदों और वीर नारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है तथा देश उनकी सेवाओं का सदैव ऋणी रहेगा।
चंडीगढ़ सिटिज़न्स फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कटारिया ने कहा कि भारत शांति का पक्षधर है, लेकिन अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर किसी भी खतरे का करारा जवाब देने में सक्षम और प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से सशस्त्र बलों के अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने पंजाब की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए लाला लाजपत राय, शहीद भगत सिंह और शहीद ऊधम सिंह को भी श्रद्धांजलि दी।
वीरों और शहीद परिवारों का सम्मान
समारोह में भारतीय थल सेना के पूर्व प्रमुख जनरल वेद प्रकाश मलिक, कारगिल युद्ध के परमवीर चक्र विजेता कैप्टन (मानद) योगेन्द्र सिंह यादव (सेवानिवृत्त), वीर नारियां, शहीदों के परिजन, पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध पर आधारित वृत्तचित्र और ऐतिहासिक वीडियो क्लिप्स के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद 'हीरोज़ स्पीक' सत्र, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुति और कारगिल युद्ध की दुर्लभ तस्वीरों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर प्रशासक ने कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजनों, वीर नारियों, परमवीर चक्र और वीर चक्र से सम्मानित सैनिकों सहित कई सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों को सम्मानित किया। परमवीर चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा के परिवार को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में चंडीगढ़ सिटिज़न्स फाउंडेशन के इस आयोजन की सराहना करते हुए कटारिया ने इसे युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की सार्थक पहल बताया।