चंडीगढ़: आईडीबीआई बैंक में प्रस्तावित हिस्सेदारी बिक्री (स्टेक सेल) और संभावित निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारियों ने सेक्टर 17 स्थित बैंक स्क्वायर में सोमवार को एक दिवसीय सामूहिक भूख हड़ताल धरना दिया। कर्मचारियों ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि यह कदम न तो बैंक के हित में है और न ही आम जनता के।
धरने को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया आईडीबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरव कुमार ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बैंक ने अपने वित्तीय प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार किया है और आज यह एक लाभकारी एवं मजबूत सार्वजनिक क्षेत्र का वित्तीय संस्थान बन चुका है। ऐसे में बैंक के विनिवेश (डिसइन्वेस्टमेंट) और निजीकरण का कोई औचित्य नहीं है।
कर्मचारियों ने आशंका जताई कि निजीकरण से कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा, उनके कल्याण, ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा निभाई जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से आईडीबीआई बैंक के सार्वजनिक स्वरूप को बनाए रखने तथा ग्राहकों, कर्मचारियों और बैंकिंग क्षेत्र के व्यापक हितों की रक्षा करने की अपील की।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने प्रस्तावित हिस्सेदारी बिक्री के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार से निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल वापस लेने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है, जिसका उद्देश्य सरकार, नियामक संस्थाओं और आम जनता का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करना है।
धरने में शामिल कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता और निजीकरण के प्रस्ताव पर पुनर्विचार नहीं किया जाता, तब तक उनका लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।