चंडीगढ़, चंडीगढ़ के राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-38 (पश्चिम) को प्रतिष्ठित फुलब्राइट प्रोग्राम 'टीचर्स फॉर ग्लोबल क्लासरूम्स' के तहत अमेरिका के शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी के लिए चुना गया है। राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया के बाद देशभर के केवल सात संस्थानों में इस सरकारी विद्यालय को स्थान मिला है। अमेरिकी शिक्षकों का तीन सदस्यीय दल 17 से 23 जुलाई तक विद्यालय में रहकर शिक्षण पद्धतियों और शैक्षणिक नवाचारों का आदान-प्रदान करेगा।
विद्यालय की प्राचार्या नीरजा जैन के नेतृत्व में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहा यह विद्यालय कार्यक्रम के दौरान भारतीय और अमेरिकी शिक्षकों के बीच आधुनिक शिक्षण तकनीकों, कक्षा प्रबंधन और वैश्विक शिक्षा दृष्टिकोण पर सहयोग को बढ़ावा देगा। प्रतिनिधिमंडल विद्यालय में संचालित कौशल आधारित शिक्षा गतिविधियों, जिनमें ब्यूटी एंड वेलनेस, कला, कलमकारी, पिछवाई, मंडला आर्ट, मूर्तिकला और ब्लॉक प्रिंटिंग शामिल हैं, का अवलोकन कर रहा है। इसके अलावा अमेरिकी शिक्षक चंडीगढ़ के सरकारी विद्यालयों के 40 शिक्षकों के लिए क्षमता संवर्धन कार्यशाला भी आयोजित कर रहे हैं।
शिक्षा निदेशक से की मुलाकात, वीएसके में जाना शिक्षा मॉडल
प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को स्कूल शिक्षा निदेशक नितिश सिंगला से मुलाकात कर शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके बाद विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) में उन्हें भारतीय शिक्षा प्रणाली और चंडीगढ़ के सरकारी विद्यालयों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से कौशल आधारित पाठ्यक्रमों और सेक्टर-38 (पश्चिम) स्थित विद्यालय की नवाचारी पहलों की सराहना की।
प्रशासन के अनुसार यह कार्यक्रम भारत और अमेरिका के शिक्षकों के बीच शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने, बेहतर शिक्षण पद्धतियों के आदान-प्रदान और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।