चंडीगढ़, सेक्टर-30 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित इंग्लिश मीडियम संत समागम में चंडीगढ़ के प्रचारक दीपक नेगी ने कहा कि सद्गुरु की कृपा से प्राप्त आत्मज्ञान और ईश्वर-ज्ञान ही जीवन में वास्तविक सकारात्मक परिवर्तन का आधार है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मज्ञान को केवल सुनने तक सीमित न रखकर व्यवहार में उतारने से ही जीवन सार्थक बनता है।
उन्होंने कहा कि आत्मज्ञान के माध्यम से व्यक्ति अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानता है और अहंकार, भ्रम तथा नकारात्मक सोच से मुक्त होकर प्रेम, मानवता, शांति, कृतज्ञता और निष्काम सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सत्संग आत्मचिंतन और आत्म-सुधार का माध्यम है, जो व्यक्ति के विचारों और जीवन को सकारात्मक दिशा देता है।
युवाओं से आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान
दीपक नेगी ने कहा कि जीवन की हर परिस्थिति के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में व्यक्ति अपने विचारों का शोधन कर प्रेम, विनम्रता, सेवा और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक के दौर में भी आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं
समागम में युवाओं ने भजन, गीत, नाटिका और प्रेरक वक्तव्यों के माध्यम से सत्संग, शिक्षा, सेवा, सिमरन, मानवता और उत्तम संस्कारों का संदेश दिया। बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियों की श्रद्धालुओं ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में दीपक नेगी ने प्रतिभागियों, सेवादारों और आयोजकों को बधाई दी। इससे पहले संयोजक नवनीत पाठक ने अतिथियों और उपस्थित श्रद्धालुओं का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।