चंडीगढ़: द लॉरेंस स्कूल, सनावर में शुक्रवार को तीन दिवसीय सनावर मॉडल यूनाइटेड नेशंस का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष सम्मेलन की थीम "वन वॉयस फॉर वर्ल्ड पीस" रखी गई है। उद्घाटन समारोह के बाद भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक एकता की भावना को दर्शाता रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। एसएनएएमयूएन-2026 में देश के दस प्रतिष्ठित स्कूलों के 120 से अधिक छात्र प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इनमें मेयो कॉलेज गर्ल्स, अजमेर; मेयो कॉलेज, अजमेर; यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, पटियाला; पाइनग्रोव स्कूल, धर्मपुर; रूट्स कंट्री स्कूल, पंचकूला; द ब्रिटिश को-एड हाई स्कूल, पटियाला; डेली कॉलेज, इंदौर; विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार तथा मेजबान द लॉरेंस स्कूल, सनावर शामिल हैं। सम्मेलन के दौरान छात्र प्रतिनिधि पांच विशेष समितियों संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए), संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी), आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ईकोसॉक), लोकसभा तथा हिस्टोरिकल सिक्योरिटी काउंसिल (एचएससी) में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श और बहस कर रहे हैं। इस वर्ष सम्मेलन के एजेंडे में ईरानी क्रांति, आव्रजन (इमिग्रेशन), परीक्षा प्रश्नपत्र लीक तथा हेट स्पीच पर नियंत्रण के उपाय जैसे समसामयिक विषय शामिल हैं। इन चर्चाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में कूटनीति, संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना है।
सम्मेलन का उद्घाटन टोरंटो विश्वविद्यालय से संबद्ध बैरिस्टर एवं सॉलिसिटर प्रोफेसर जस्टीना ढिल्लों ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने सिद्धांत आधारित कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विश्व में स्थायी शांति स्थापित करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
स्कूल की हेडमास्टर रुचि प्रधान दत्ता ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन केवल वाद-विवाद का मंच नहीं, बल्कि एक-दूसरे के विचारों को समझने, मिलकर काम करने और मतभेदों से ऊपर उठकर सार्थक समाधान खोजने का अवसर भी है।