चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने नाका जांच के दौरान एक युवक को 9.6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-29बी निवासी 35 वर्षीय मुकेश कुमार उर्फ चिकना के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई की रात एसआई जिले सिंह अपनी टीम के साथ सेक्टर-29 स्थित बीएंडआर डिवीजन के पास नाका लगाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। रात करीब 8.30 बजे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 9.6 ग्राम हेरोइन (पॉलीथिन सहित कुल वजन 10.4 ग्राम) बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद मादक पदार्थ रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच पूरी होने के बाद शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम तथा अन्य मामलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे जुड़े नशा तस्करी नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।