चंडीगढ़, नगर निगम चंडीगढ़ के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा ने शनिवार को सेक्टर-31 स्थित जापानी गार्डन का निरीक्षण कर रखरखाव और आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गार्डन में व्यापक सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता के साथ अधीक्षण अभियंता (बागवानी) प्रीतपाल सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। संजय अरोड़ा ने प्रवेश द्वार, पाथवे, साइन बोर्ड और लाइटिंग की मरम्मत, घास की कटाई और खरपतवार हटाने, मानक डस्टबिन, डिस्प्ले बोर्ड, ट्रैक मार्कर तथा पार्क के समय संबंधी सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मूर्तियों, पैगोडा और हट की लाइटिंग बेहतर करने को भी कहा।
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
मुख्य अभियंता ने गार्डन में सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह कार्यशील रखने, आगंतुकों के सुझाव दर्ज करने के लिए विजिटर फीडबैक रजिस्टर उपलब्ध कराने तथा अनधिकृत प्रवेश मार्ग बंद कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी रखरखाव और सुधार कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
संजय अरोड़ा ने कहा कि नगर निगम चंडीगढ़ शहर के सार्वजनिक उद्यानों को बेहतर बनाए रखने और लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित तथा सुखद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।