चंडीगढ़, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर-20डी में बी.एड. सेमेस्टर-III के विद्यार्थियों के लिए 23 से 25 जुलाई तक ‘द इनक्लूसिव क्लासरूम: ब्रिजिंग गैप्स विद ऑडियो-विजुअल स्ट्रैटेजीज़’ विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य भावी शिक्षकों को समावेशी, नवाचार-आधारित और तकनीक-सक्षम शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना था, ताकि कक्षाओं को अधिक प्रभावी, इंटरैक्टिव और शिक्षार्थी-केंद्रित बनाया जा सके।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सपना नंदा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का संयोजन स्किल-इन-टीचिंग समिति की डॉ. मीना और खुशी ने किया। पहले दिन पंजाब विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के सहायक प्रोफेसर जीसु जसकंवर सिंह ने डिजिटल युग में शिक्षण की चुनौतियों और विद्यार्थियों का ध्यान बनाए रखने के लिए नवाचारपूर्ण शिक्षण रणनीतियों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रभावी शिक्षण केवल विषय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि रचनात्मकता, श्रव्य-दृश्य संसाधनों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने से जोड़ना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने VARK लर्निंग मॉडल की व्याख्या करते हुए कठपुतलियों, पॉप-अप पुस्तकों, 3डी चार्ट, ग्लोब, एआई आधारित संसाधनों और डिजिटल तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही वॉयस मॉड्यूलेशन, प्रभावी संचार और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप एआर, वीआर और एआई जैसी तकनीकों को शिक्षण में शामिल करने की आवश्यकता बताई।
कम लागत के प्रयोगों से विज्ञान को बनाया रोचक
कार्यशाला के दूसरे दिन एसजीजीएस कॉलेज, चंडीगढ़ के पूर्व प्राचार्य और भौतिकी शिक्षाविद् प्रो. एम.एस. मरवाहा ने गतिविधि-आधारित शिक्षण के माध्यम से विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने दैनिक उपयोग की वस्तुओं से दबाव, वायुमंडलीय दबाव, उत्प्लावकता, घनत्व, न्यूटन के गति के नियम, प्रकाश का प्रकीर्णन, अपवर्तन, विवर्तन और प्लाज्मा जैसे विषयों का प्रदर्शन किया। उनके सत्र ने अनुभवात्मक शिक्षण और वैज्ञानिक सोच के महत्व को रेखांकित किया।
एआई आधारित शिक्षण उपकरणों से कराया परिचय
तीसरे दिन एआई विशेषज्ञ संजय अग्रवाल और ऋषभ ने शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर इंटरैक्टिव सत्र लिया। उन्होंने पाठ योजना, अध्ययन सामग्री तैयार करने, कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने और मूल्यांकन के लिए विभिन्न एआई आधारित टूल्स की जानकारी दी। साथ ही एआई के जिम्मेदार और नैतिक उपयोग पर भी जोर दिया। व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को बताया गया कि उभरती तकनीकें शिक्षण को अधिक प्रभावी और व्यक्तिगत बना सकती हैं।
कार्यशाला के समापन पर छात्र-शिक्षकों ने प्राचार्या डॉ. सपना नंदा, संयोजक डॉ. मीना, कॉलेज प्रशासन और सभी विशेषज्ञ वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस कार्यशाला से उन्हें समावेशी शिक्षा, अनुभवात्मक शिक्षण और तकनीक-सक्षम शिक्षण पद्धतियों की बेहतर समझ विकसित करने का अवसर मिला।