चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) नगर निगम चंडीगढ़ ने रविवार सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर 40 अवैध रेहड़ियां जब्त कीं। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए गए। नगर निगम के प्रवर्तन विंग ने सुबह 9 बजे से सेक्टर-41, सेक्टर-56, सेक्टर-26 (आउटर मंडी) और सेक्टर-19 में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ियों को हटाया गया, ताकि पैदल यात्रियों की आवाजाही सुगम हो सके और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। निगम ने रेहड़ी संचालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित वेंडिंग जोन में ही कारोबार करें, अन्यथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।