चंडीगढ़,(प्रोसन बर्मन) देश की उत्तरी और पूर्वी सीमाओं पर तैनात दो सैनिक भाइयों ने अपनी ब्रेन डेड घोषित 70 वर्षीय मां के अंगदान का निर्णय लेकर मानवता और सेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। कमांड हॉस्पिटल, चंडीमंदिर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अन्य संस्थानों के सहयोग से अंग निकासी (ऑर्गन रिट्रीवल) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की।
नायब सूबेदार तिलक राज और हवलदार जगदेव सिंह की माता माया देवी को ब्रेन स्ट्रोक के बाद कमांड हॉस्पिटल, पश्चिमी कमान में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा उन्हें ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद दोनों सैनिक भाइयों ने गहरे व्यक्तिगत शोक के बावजूद उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए अंगदान का निर्णय लिया।
ग्रीन कॉरिडोर से समय पर पहुंचाए गए अंग
कमांड हॉस्पिटल, पश्चिमी कमान के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आर्मी हॉस्पिटल (आर एंड आर), नई दिल्ली तथा एम्स, नई दिल्ली की चिकित्सा टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर अंग निकासी की जटिल प्रक्रिया पूरी की। अस्पताल प्रशासन के अनुसार पूरी प्रक्रिया निर्धारित चिकित्सा मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई।
सैन्य पुलिस, नागरिक प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, जिससे अंगों को निर्धारित प्रत्यारोपण केंद्रों तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सका।
अस्पताल ने कहा कि सैनिक परिवार का यह निर्णय न केवल कई मरीजों के लिए नई जिंदगी की उम्मीद बनेगा, बल्कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक लोगों को इस दिशा में प्रेरित करने का भी संदेश देगा।