चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश ने गुरुवार को सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम में बैठक कर 'श्री गुरु रविदास समरस संकल्प अभियान' की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जन्मस्थली श्री गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पावन माटी से युक्त कलश यात्रा आज चंडीगढ़ पहुंचेगी, जहां उसका विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जाएगा।
बैठक में अभियान के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, पूर्व मेयर राजेश कालिया, पूर्व प्रदेश सचिव देवी सिंह, राजपाल डोगर, पूर्व पार्षद राजेंद्र कौर रत्तू, जिला अध्यक्ष रविंद्र मलिक, रेखा सूद सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में 'श्री गुरु रविदास अमृत संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। इसके तहत धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संत गुरु रविदास के समता, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश का प्रसार किया जाएगा।
बहलाना से माता चिंतपूर्णी मंदिर तक रहेगा यात्रा का मार्ग
भाजपा के अनुसार 'कलश वंदन अभियान' के तहत श्री गुरु रविदास की जन्मस्थली श्री गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी को 11 हजार कलशों में स्थापित कर देशभर की राज्य राजधानियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में कलश यात्रा आज शाम चार बजे बहलाना से चंडीगढ़ में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट, हल्लोमाजरा चौक, रामदरबार, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 और सेक्टर-31 मार्केट से होते हुए सेक्टर-32 स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
भाजपा चंडीगढ़ ने श्रद्धालुओं, सामाजिक व धार्मिक संगठनों तथा शहरवासियों से यात्रा में शामिल होने की अपील की है।