चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन )पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए बॉयज़ हॉस्टल का शिलान्यास किया। जी+6 मंजिला इस हॉस्टल में 103 ट्रिपल-शेयरिंग कमरों के जरिए 309 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था होगी। परियोजना को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास समारोह में इंजीनियरिंग सचिव प्रेरणा पुरी, तकनीकी शिक्षा निदेशक पालिका अरोड़ा, पीईसी के निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया, यूटी के मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा तथा चंडीगढ़ प्रशासन और पीईसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दो नए हॉस्टल बनने से 728 सीटें बढ़ेंगी
चंडीगढ़ प्रशासन ने पीईसी में छात्रों के लिए आवास की बढ़ती जरूरत को देखते हुए नए हॉस्टल के निर्माण को मंजूरी दी है। प्रस्तावित भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 78,400 वर्ग फुट होगा। इसमें दो अतिथि कक्ष और एक वार्डन कक्ष भी बनाया जाएगा, जिससे प्रशासनिक और आगंतुक सुविधाएं बेहतर होंगी।
पीईसी में निर्माणाधीन दोनों नए हॉस्टल परियोजनाएं पूरी होने के बाद संस्थान की कुल छात्रावास क्षमता 2,178 से बढ़कर 2,906 विद्यार्थियों की हो जाएगी। इससे 728 अतिरिक्त विद्यार्थियों को परिसर में आवास उपलब्ध हो सकेगा।
उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मिलेगा मजबूती
चंडीगढ़ प्रशासन के अनुसार नया हॉस्टल विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे संस्थान के आवासीय बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।