चंडीगढ़,(प्रोसन बर्मन ) पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को पंजाब लोक भवन में पंजाब और चंडीगढ़ के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक कर ‘माई भारत युवा कनेक्ट–नशामुक्त अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विश्वविद्यालयों से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और अधिक से अधिक युवाओं को नशामुक्ति की ई-शपथ से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में राज्यपाल ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया कि छात्र, शिक्षक और स्वयंसेवक बड़ी संख्या में माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर नशामुक्ति की ई-शपथ लें तथा ई-सर्टिफिकेट डाउनलोड करें। उन्होंने 2 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां तत्काल शुरू करने को भी कहा, जिसमें प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।
हर विश्वविद्यालय में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश
राज्यपाल ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा, जो विश्वविद्यालय के विभागों, संबद्ध एवं घटक कॉलेजों तथा माई भारत के अधिकारियों के साथ समन्वय करेगा। उन्होंने स्वयंसेवकों के पंजीकरण और शपथ अभियान के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना अपनाने तथा नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अभियान केवल विश्वविद्यालय परिसरों तक सीमित न रहे, बल्कि सभी संबद्ध और घटक कॉलेजों तक पहुंचे। इसके लिए संस्थागत वेबसाइट, सोशल मीडिया, छात्र समूह, डिजिटल स्क्रीन और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षभर सेमिनार, जागरूकता व्याख्यान, रैलियां, प्रतियोगिताएं और अन्य कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को निरंतर गति देने को कहा।
बैठक में पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह, चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव, स्कूल शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी, पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मीनाक्षी गोयल, माई भारत पंजाब की निदेशक रश्मीत कौर, माई भारत चंडीगढ़ के जिला युवा अधिकारी विनय कुमार तथा ललित जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पंजाब और चंडीगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।