चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन )चंडीगढ़ स्किल डेवलपमेंट मिशन (सीएसडीएम) ने शुक्रवार को यूटी स्टेट गेस्ट हाउस में ‘पीएम सेतु इंडस्ट्री कनेक्ट मीट’ आयोजित की। इसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएसडीसी) और अन्य हितधारकों ने भाग लेकर कौशल विकास कार्यक्रमों में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की।
तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित बैठक की अध्यक्षता सीएसडीएम की निदेशक-सह-मिशन निदेशक डॉ. पालिका अरोड़ा (पीसीएस) ने की। उन्होंने कहा कि बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप युवाओं के कौशल विकास, पुनः कौशल विकास (री-स्किलिंग) और कौशल उन्नयन (अप-स्किलिंग) के लिए उद्योगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने उद्योगों को ‘एंकर इंडस्ट्री पार्टनर’ के रूप में जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक का आयोजन शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी (आईएएस) के मार्गदर्शन में किया गया।
बैठक में सीएसडीएम की टीम ने प्रस्तावित कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए पाठ्यक्रम को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने, कार्यस्थल आधारित प्रशिक्षण, मेंटरशिप, अप्रेंटिसशिप के अवसर बढ़ाने और कौशल विकास कार्यक्रमों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने में उद्योगों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
उद्योगों ने सहयोग का दिया भरोसा
बैठक में शामिल उद्योग प्रतिनिधियों ने कौशल विकास कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने, कौशल अंतर को कम करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कार्यबल तैयार करने में मदद मिलेगी। वहीं, एनएसडीसी के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय स्तर की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों, साझेदारी के मॉडल और सहयोग के विभिन्न अवसरों की जानकारी साझा की।
बैठक के अंत में सभी पक्षों ने चंडीगढ़ में उद्योग आधारित कौशल विकास तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने का संकल्प लिया।