चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से लाए गए पावन मिट्टी के कलश का शनिवार को चंडीगढ़ पहुंचने पर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। भारतीय जनता पार्टी के 'संत शिरोमणि गुरु रविदास जी समरसता संकल्प अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रम में कलश यात्रा चंडीगढ़-पंजाब सीमा से शुरू होकर सेक्टर-32 स्थित हनुमान मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश की विधिवत स्थापना की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वाराणसी से कलश लेकर पहुंचे 14 सदस्यीय दल का स्वागत किया। दल में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित खैरवाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम में संत समाज, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का स्वागत किया।
सभी मंडलों में ले जाया जाएगा कलश
हनुमान मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता और एकता का संदेश आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन समानता, सेवा और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी को चंडीगढ़ के सभी मंडलों में ले जाया जाएगा, जहां विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश का प्रसार किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, पूर्व मेयर राजेश कालिया, जिला अध्यक्ष रविंद्र मलिक तथा अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।