चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) गोल्डन की डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल अमरेश गुंजन ने शुक्रवार को क्लेमेंट टाउन, देहरादून से डैनकुंड ट्रेकिंग अभियान-2026 को अभियान ध्वज प्रदान कर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान दल को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं के अनुरूप अभियान के सभी उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने का आह्वान किया।
3 से 19 अगस्त तक चलने वाला यह अभियान हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में आयोजित होगा। भारतीय सेना के कैप्टन प्रतीक जाधव के नेतृत्व में 15 सदस्यीय दल लगभग 152 किलोमीटर का ट्रेक करेगा। अभियान का उद्देश्य साहसिक गतिविधियों, सहनशक्ति, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा स्थानीय समुदायों और युवाओं से संवाद स्थापित करना है।
अभियान दल दलहौजी, खज्जियार, चंबा, मानकोट, जोत पास, डैनकुंड टॉप, कालाटॉप, चमेरा डैम, भलई, जान्ना और सलूनी से होकर गुजरेगा। अभियान के दौरान दल पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से मुलाकात कर उनके योगदान का सम्मान करेगा। साथ ही केंद्रीय विद्यालय बनीखेत, डलहौजी पब्लिक स्कूल, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंबा और जवाहर नवोदय विद्यालय चंबा के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें फिटनेस, साहसिक गतिविधियों, नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा के मूल्यों के प्रति प्रेरित करेगा।
भारतीय सेना के अनुसार, यह अभियान साहसिक खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं को प्रेरित करने, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों के साथ संबंध मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।