चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड का दौरा कर रिक्लेम की गई भूमि पर चल रहे पौधरोपण और विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विशेष आयुक्त हरप्रीत सिंह सूदन, मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। आयुक्त ने हाल ही में लगाए गए पौधों की वृद्धि और स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को उनकी नियमित निगरानी और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिक्लेम साइट पर बनाए जा रहे करीब 21 हजार फीट लंबे सिंडर ट्रैक के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।
पौधों की सिंचाई के लिए स्थापित टर्शियरी ट्रीटेड (टीटी) जलापूर्ति प्रणाली का निरीक्षण करते हुए अमित कुमार ने पर्याप्त जलदाब और उपचारित पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी पौधों को पर्याप्त सिंचाई मिल सके।
आयुक्त ने लीचेट प्रबंधन प्रणाली का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप लीचेट अपशिष्ट जल के संग्रहण, उपचार और निस्तारण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड की रिक्लेम भूमि को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नियमित निगरानी और समयबद्ध विकास कार्यों से यह क्षेत्र शहर की एक महत्वपूर्ण हरित धरोहर के रूप में विकसित होगा।