चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा नदी की तेज धारा में बहने से जान गंवाने वाले चंडीगढ़ के चार नाबालिग बच्चों के प्रत्येक परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने रविवार शाम शोकाकुल परिवारों से उनके घर जाकर मुलाकात की और राज्यपाल विवेकाधीन कोष से यह सहायता देने की घोषणा की।
कटारिया ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में चंडीगढ़ प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और अन्य जरूरी सहयोग में किसी प्रकार की देरी न हो।
'पूरे शहर के लिए अपूरणीय क्षति'
राज्यपाल ने इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कहा कि चार मासूम बच्चों की असमय मृत्यु केवल उनके परिवारों ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से थे और कुछ परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की क्षति की भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से संभव नहीं है, लेकिन यह राशि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से दी जा रही है। कटारिया ने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।