चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने रविवार को सेक्टर-10डी के पार्क नंबर-1 में आयोजित वन महोत्सव पौधरोपण कार्यक्रम में लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में आयुक्त अमित कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में पौधरोपण किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवरदीप कौर, पार्षद महेशिंदर सिंह सिद्धू, नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा, डीएवी कॉलेज की प्राचार्य मोना नारंग, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, स्थानीय निवासी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
बच्चों और स्थानीय लोगों ने भी लगाया पौधा
कार्यक्रम में मौजूद सभी गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिभागियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। आयुक्त अमित कुमार ने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों से पौधों की देखभाल करने तथा शहर की हरित विरासत को सुरक्षित रखने की अपील की।
कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि शहर को अधिक हरित और जलवायु के अनुकूल बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।