चंडीगढ़, आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने 'चंडीगढ़ फर्स्ट' मिशन की शुरुआत की है। पार्टी ने घोषणा की है कि वह शहर के सभी 35 वार्डों में योग्य, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित उम्मीदवार उतारने के लिए चयन प्रक्रिया शुरू कर रही है। वरिष्ठ आप नेता एवं चंडीगढ़ कोर कमेटी के चेयरमैन सीए प्रेम गर्ग ने रविवार को कहा कि पार्टी ऐसे 35 नागरिकों की तलाश कर रही है, जो शिक्षित, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर, दूरदर्शी और समाज सेवा के प्रति समर्पित हों। उन्होंने कहा कि राजनीति को आजीविका नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रेम गर्ग के अनुसार, पार्टी का उद्देश्य ऐसे जनप्रतिनिधियों को आगे लाना है जो धनबल, दबाव और राजनीतिक प्रभाव से ऊपर उठकर शहर और नागरिकों के हित में निर्णय लेने की क्षमता रखते हों। उन्होंने कहा कि 'चंडीगढ़ फर्स्ट' मिशन के जरिए शहर को स्वच्छ, सुरक्षित, हरित, पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन वाला आदर्श शहर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
सामाजिक सेवा और नेतृत्व क्षमता होगी चयन का आधार
उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के चयन में ईमानदारी, सामाजिक सेवा, पेशेवर उपलब्धियां, नेतृत्व क्षमता और समाज में सकारात्मक योगदान जैसे मानदंडों को महत्व दिया जाएगा। पार्टी का मानना है कि सक्षम और जिम्मेदार नागरिकों की भागीदारी से नगर निगम की कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार लाया जा सकता है।
आप ने शिक्षकों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वकीलों, उद्यमियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, समाजसेवियों, महिलाओं और युवाओं समेत जागरूक नागरिकों से चुनाव लड़ने के लिए आगे आने की अपील की है। पार्टी ने योग्य उम्मीदवारों को संगठनात्मक सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।
प्रेम गर्ग ने कहा कि चंडीगढ़ का भविष्य केवल पारंपरिक राजनीति के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। उनके अनुसार, जब ईमानदार, सक्षम और प्रतिबद्ध नागरिक नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी शहर में वास्तविक बदलाव संभव होगा।