चंडीगढ़, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में रविवार को ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ शपथ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अधिकारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री का ऑनलाइन संबोधन भी प्रसारित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज सभागार में हुआ। इसमें पीईसी के निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पुनीत चावला, एसोसिएट डीन (स्टूडेंट अफेयर्स), संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने अपने ऑनलाइन संबोधन में नशामुक्त भारत के निर्माण और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ युवा-नेतृत्व वाले जनआंदोलन की आवश्यकता पर बल देते हुए काशी घोषणा-पत्र को मार्गदर्शक बताया। साथ ही देशभर में जागरूकता अभियान चला रहे माई भारत स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और उसके सामाजिक असर को प्रभावी ढंग से दर्शाते हुए युवाओं को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को आगे बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।