चंडीगढ़, किडनी प्रत्यारोपण के बाद नई जिंदगी पाने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं चंडीगढ़ सचिवालय में पर्सनल असिस्टेंट अनिल सिंह ने भारतीय राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर लोगों से अंगदान का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंगदान केवल एक जान नहीं बचाता, बल्कि किसी के सपनों को दोबारा उड़ान देने का माध्यम बनता है।
अनिल सिंह ने कहा कि एक समय किडनी फेलियर के कारण उनका जीवन लगभग थम गया था, लेकिन एक अंगदाता के कारण उन्हें नया जीवन मिला। इसी नई जिंदगी और आत्मविश्वास के बल पर वह फिर से अपने पैरों पर खड़े हुए और भारत का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय खेलों के साथ-साथ वर्ष 2025 में जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में भी किया।
उन्होंने कहा कि जब भी वह मैदान पर दौड़ते हैं तो उनका हर कदम उस अनाम अंगदाता के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक होता है, जिसने उन्हें जीवन का दूसरा अवसर दिया। उनके अनुसार अंगदान ऐसा उपहार है, जो किसी व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को नई उम्मीद और नई जिंदगी दे सकता है।
अनिल सिंह ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अंगदान के लिए आगे आने और इसका संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का एक निर्णय कई लोगों के जीवन में नई रोशनी ला सकता है।