चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार को सेक्टर-34 स्थित आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल और सेक्टर-11 स्थित सरकारी आयुष डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आयुष और आधुनिक चिकित्सा पद्धति का समन्वय नागरिकों को समग्र, किफायती और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उद्घाटन समारोह में यूटी के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, गृह एवं स्वास्थ्य सचिव मंडीप सिंह बराड़, आयुष निदेशक डॉ. अतुल एन. धाकने, जीएमसीएच-32 की निदेशक-प्राचार्य डॉ. रवनीत कौर, जनसंपर्क निदेशक राजीव तिवारी, पार्षद प्रेम लता सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल की अवधारणा और सुविधाओं पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन से हुई।
रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
प्रशासक कटारिया ने कहा कि भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियां शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर आधारित समग्र उपचार की अवधारणा को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने में यह अस्पताल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए आयुष, स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना भी की।
गृह एवं स्वास्थ्य सचिव मंडीप सिंह बराड़ ने बताया कि अस्पताल में आयुर्वेद, होम्योपैथी, योग और आधुनिक चिकित्सा की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गई हैं। यहां विशेषज्ञ ओपीडी, सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक 12 घंटे की ओपीडी, 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं, 25 बिस्तरों की आईपीडी, फार्मेसी, योग एवं वेलनेस सेंटर, पंचकर्म इकाई, जेरियाट्रिक देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, परिवार कल्याण तथा गैर-संचारी रोगों की जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य शिविर भी लगा
उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद किया। उन्होंने बेहतर कार्यसंस्कृति और संवेदनशील रोगी सेवा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अस्पताल परिसर में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच, योग परामर्श और निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया।