चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘खेल का उपहार, नशे पर प्रहार’ अभियान को मंगलवार को नगर निगम चंडीगढ़ के आयुक्त अमित कुमार का समर्थन मिला। उन्होंने अभियान के संयोजक संजीव राणा को खेल किट भेंट करते हुए कहा कि नशे की समस्या पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इससे मुकाबला करने के लिए युवाओं को खेलों व अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।
अमित कुमार ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर सक्षम व्यक्ति एक जरूरतमंद बच्चे को भी खेलों से जोड़ने का संकल्प ले, तो नशे के खिलाफ प्रभावी जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है। उन्होंने अभियान को जरूरतमंद युवाओं के जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली सराहनीय पहल बताया।
समाज की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान
अभियान के संयोजक संजीव राणा ने नगर निगम आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के इस अभियान से जुड़ने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और अधिक लोग इस मुहिम का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित होंगे।
उन्होंने बताया कि 'खेल का उपहार, नशे पर प्रहार' केवल खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने का जनअभियान है। इसके तहत झुग्गी बस्तियों, ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के जरूरतमंद युवाओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित किया जा सके।