चंडीगढ़: गली क्रिकेट को केवल एक टूर्नामेंट तक सीमित रखने के बजाय इसे वर्षभर सक्रिय बनाए रखने की दिशा में यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) ने एक नई पहल शुरू की है। इसी कड़ी में सारंगपुर पुलिस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गली क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों को क्रिकेट एवं मेडिकल किट वितरित किए गए, ताकि वे नियमित अभ्यास जारी रखते हुए अपनी खेल प्रतिभा को और निखार सकें।
यूटीसीए और चंडीगढ़ पुलिस के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत यूटीसीए गली क्रिकेट टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में भाग लेने वाली पांच टीमों को क्रिकेट किट प्रदान किए गए। इन किटों के साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी को व्यक्तिगत मेडिकल किट भी दी गई, जिससे खेल के दौरान प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहे।
कार्यक्रम में यूटीसीए गली क्रिकेट टूर्नामेंट के सह-अध्यक्ष रविंदर बिल्ला के साथ सारंगपुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ अशोक कुमार, एमएचसी नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप, लेडी कांस्टेबल अनुराधा तथा कांस्टेबल अमन उपस्थित रहे।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सारांश टंडन ने कहा कि यूटीसीए का उद्देश्य गली क्रिकेट को वर्षभर जीवंत बनाए रखना और अधिक से अधिक युवाओं को क्रिकेट से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में बड़े स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।