चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ग्राहकों का केवाईसी सत्यापन भी अनिवार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे कैब चालकों और डिलीवरी पार्टनर्स की सुरक्षा और जवाबदेही दोनों मजबूत होंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
सेवा भारती धाम, सेक्टर-29ए में ट्राइसिटी राइडर्स वेलफेयर सोसायटी और चंडीगढ़ ऐप आधारित वर्कर्स यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांचवें वर्ल्ड राइडर डे कार्यक्रम का उद्घाटन मेयर ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कैब चालक, बाइक टैक्सी ऑपरेटर, ऑटो चालक, डिलीवरी पार्टनर्स, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए।
सामाजिक सुरक्षा और अधिकारों पर हुई चर्चा
मेयर ने अपने संबोधन में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के योगदान की सराहना करते हुए उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्य वातावरण और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान गिग वर्कर्स के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, श्रम कानून, मोटर वाहन अधिनियम, एग्रीगेटर नियमों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी और प्रतिभागियों के सवालों के जवाब भी दिए।
इस अवसर पर उन्नति कोऑपरेटिव, भारत टैक्सी और भरोसा के प्रतिनिधियों ने भी श्रमिक कल्याण और उद्योग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। ट्राइसिटी राइडर्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष साहिल कुमार ने कहा कि वर्ल्ड राइडर डे का उद्देश्य गिग वर्कर्स की सामूहिक आवाज को मजबूत करना और उनके अधिकारों व कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करना है।