चंडीगढ़, श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को चंडीगढ़ में गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर-46डी से भव्य नगर कीर्तन सजाया गया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने वाहेगुरु के जयकारों, पुष्प वर्षा और सिरोपा भेंट कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पांच प्यारों का सम्मान कर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर कीर्तन दोपहर दो बजे गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर-46डी से रवाना होकर सेक्टर-46 मार्केट, सेक्टर-47, 48, 49 और 50 की विभिन्न सोसायटियों तथा गांव बुडैल से होता हुआ शाम को सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।
जगह-जगह हुआ स्वागत, लंगर भी लगाए गए
सेक्टर-46 मार्केट के सामने श्री सनातन धर्म सभा और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नगर कीर्तन का स्वागत किया। इस दौरान पांच प्यारों को सिरोपा और हार भेंट किए गए। श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष जितेंद्र भाटिया और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष बलविंदर सिंह उत्तम ने सभी के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना करते हुए अरदास की। श्रद्धालुओं में खीर-पूड़े का प्रसाद भी वितरित किया गया।
नगर कीर्तन के दौरान गतका दलों ने पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन किया, जबकि पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ा। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पूरे मार्ग में जगह-जगह लंगर और सेवा शिविर लगाए गए।
इस अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान कुलदीप सिंह, महासचिव गुरजस्विंदर सिंह, हरपाल सिंह, डिम्पल, करमजीत सिंह, बलजीत सिंह, हरजीत सिंह, दलजीत सिंह, कुलविंदर सिंह सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।