मोहाली/चंडीगढ़, महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने पंजाब के लिए अपने नए ब्रांड अभियान 'दुनिया विच इक्को ललकार' की शुरुआत करते हुए मशहूर पंजाबी गायक सुखबीर सिंह और अभिनेता-गायक परमीश वर्मा के साथ एक म्यूजिक वीडियो लॉन्च किया। कंपनी का कहना है कि यह अभियान पंजाब की मेहनत, प्रगतिशील सोच और कृषि क्षेत्र में उसकी पहचान को समर्पित है।
चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में लॉन्च किए गए म्यूजिक वीडियो में सुखबीर सिंह के चर्चित गीत 'ओह हो हो हो' को नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। वीडियो में पंजाब की पृष्ठभूमि के साथ महिंद्रा ट्रैक्टर्स की ताकत, तकनीक और राज्य में उसकी मजबूत मौजूदगी को सिनेमाई शैली में दर्शाया गया है। कंपनी के अनुसार यह अभियान विभिन्न माध्यमों से आगे भी जारी रहेगा और पंजाब की संस्कृति तथा किसानों से जुड़ाव को रेखांकित करेगा।
महिंद्रा ट्रैक्टर्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड (मार्केटिंग एवं नेशनल बिजनेस ऑपरेशंस) परीक्षित घोष ने कहा कि महिंद्रा ट्रैक्टर्स भारत में जन्मा वैश्विक ब्रांड है, जिस पर कई देशों के किसान भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि 'दुनिया विच इक्को ललकार' अभियान के माध्यम से पंजाब की वैश्विक पहचान और महिंद्रा ट्रैक्टर्स की तकनीकी क्षमता को एक साथ प्रस्तुत किया गया है।
पुराने गीत को नए रूप में पेश किया
सुखबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने बचपन से खेतों में महिंद्रा ट्रैक्टर्स को काम करते देखा है और यह ब्रांड भारतीय कृषि के साथ गहराई से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के लिए अपने लोकप्रिय गीत 'ओह हो हो हो' को नए बोलों के साथ प्रस्तुत करना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।
कंपनी ने बताया कि पंजाब के साथ लंबे समय से जुड़े अनुभव के आधार पर उसने महिंद्रा नोवो सीरीज, महिंद्रा अर्जुन सीरीज और महिंद्रा युवो टेक+ जैसे ट्रैक्टर प्लेटफॉर्म विकसित किए हैं, जिन्हें राज्य की आधुनिक कृषि आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।