चंडीगढ़, यूटी चंडीगढ़ के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण, दस्तावेजों के सत्यापन और मतदाता सूची को पारदर्शी, शुद्ध एवं समावेशी बनाने के लिए चल रही प्रक्रिया की जानकारी साझा की गई।
बैठक में बताया गया कि 8 और 9 अगस्त को यूटी के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, विवरण में संशोधन, स्थानांतरण, नाम विलोपन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए आवेदन करने में सहायता करेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, फॉर्म-10, फॉर्म-11 और फॉर्म-11ए की सूचियां भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। उनसे अपील की गई कि वे इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और पात्र मतदाताओं को विशेष शिविरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
ईआरओ ने दस्तावेज सत्यापन केंद्र का किया निरीक्षण
इससे पहले निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) अमनदीप सिंह भट्टी ने दस्तावेज सत्यापन केंद्र का दौरा कर मतदाताओं द्वारा जमा कराए गए दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने सत्यापन टीमों के साथ कार्यप्रणाली और प्रगति पर चर्चा करते हुए प्रक्रिया में आ रही चुनौतियों का जायजा लिया तथा समयबद्ध, सटीक और पारदर्शी सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ईआरओ ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया में दक्षता, एकरूपता और गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि सभी पात्र मतदाताओं को समय पर सेवाएं मिल सकें और विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा हो।