चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) ब्रह्मऋषि योग ट्रेनिंग कॉलेज, सेक्टर-19 में सोमवार को 42वीं चंडीगढ़ स्टेट योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप आयोजित की गई। चंडीगढ़ योग एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने एशियन, नेशनल और खेलो इंडिया पदक विजेता योगासन खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित योग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में 8 से 10 वर्ष से लेकर 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रत्येक आयु वर्ग के शीर्ष तीन खिलाड़ियों का चयन 3 से 6 अक्टूबर तक जयपुर में होने वाली 51वीं सब-जूनियर एवं जूनियर नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए चंडीगढ़ टीम में किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी दिसंबर में पटना में होने वाली सीनियर नेशनल योगासन चैंपियनशिप में भी चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।