चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज सेक्टर-29 में नए आधुनिक सामुदायिक केंद्र की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि सामुदायिक जीवन, सामाजिक सौहार्द और नागरिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मेयर सौरभ जोशी, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, IAS, पूर्व मेयर एवं क्षेत्र पार्षद हरप्रीत कौर बबला, अन्य पार्षद तथा चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसी शहर की पहचान केवल चौड़ी सड़कों, सुंदर इमारतों और आधुनिक सुविधाओं से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि वहां लोगों को मिलने-जुलने, विचार साझा करने और सामाजिक जीवन में भाग लेने के कितने अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक केंद्र आधुनिक शहर की सामाजिक संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र बच्चों और युवाओं के लिए रचनात्मक गतिविधियों, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों, महिलाओं के लिए कौशल विकास और जागरूकता गतिविधियों तथा स्थानीय समस्याओं पर चर्चा के लिए उपयोगी मंच बन सकता है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को एक आधुनिक नियोजित शहर के रूप में विकसित करते समय प्रत्येक सेक्टर को शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन, खरीदारी और सामुदायिक जीवन की सुविधाओं से युक्त स्वावलंबी पड़ोस के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई थी। सेक्टर-29 का नया सामुदायिक केंद्र इसी सोच को आगे बढ़ाएगा।
राज्यपाल ने कहा कि यह केंद्र केवल विवाह और सामाजिक समारोहों तक सीमित न रहे, बल्कि एक वास्तविक ‘कम्युनिटी कनेक्ट सेंटर’ बने, जहां बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जा सकें।
उन्होंने सार्वजनिक सुविधाओं को समावेशी, सुलभ और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर देते हुए बैरियर-फ्री सुविधा, सुलभ शौचालय, प्राकृतिक रोशनी एवं वेंटिलेशन, वर्षा जल संचयन, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण और ऊर्जा-कुशल प्रणालियों को बढ़ावा देने की बात कही।
राज्यपाल ने नागरिकों से ‘मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ सार्वजनिक सुविधाओं की देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कचरे को स्रोत पर अलग करने, सिंगल-यूज प्लास्टिक से बचने, पानी और ऊर्जा बचाने तथा सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक केंद्रों को युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार मार्गदर्शन, उद्यमिता, खेल, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण जागरूकता और नशामुक्ति जैसी गतिविधियों का मंच बनाया जा सकता है।
राज्यपाल ने सतत शहरी विकास पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियां आज के विकास का आकलन केवल बनी हुई इमारतों की संख्या से नहीं, बल्कि उन्हें मिले स्वच्छ पानी, हरियाली और बेहतर पर्यावरण से करेंगी। उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास वही है जो वर्तमान की जरूरतें पूरी करते हुए भविष्य की पीढ़ियों के अधिकारों और जरूरतों से समझौता न करे।
उन्होंने अधिकारियों से परियोजना को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं सुनिश्चित करने और निर्माण के बाद उचित रखरखाव पर भी ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य विकसित शहरों, विकसित मोहल्लों और जिम्मेदार नागरिकों के माध्यम से ही पूरा होगा।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि सेक्टर-29 का यह सामुदायिक केंद्र सामाजिक मेल-जोल, सांस्कृतिक गतिविधियों, सामुदायिक कल्याण और नागरिक भागीदारी का जीवंत मंच बनेगा और स्वच्छ, हरित, समावेशी एवं विकसित चंडीगढ़ के निर्माण में योगदान देगा।
इससे पहले मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि नया सामुदायिक केंद्र क्षेत्रवासियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और शहर के सामुदायिक बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगा।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक केंद्र 29,440 वर्ग फुट के प्लॉट पर बनाया जाएगा। इसमें ग्राउंड प्लस दो मंजिला (G+2) भवन होगा, जिसका कुल कवर क्षेत्र 17,006 वर्ग फुट होगा। इसमें ग्राउंड फ्लोर 8,511 वर्ग फुट, पहली मंजिल 3,968 वर्ग फुट और दूसरी मंजिल 4,527 वर्ग फुट की होगी। इसके अलावा 6,600 वर्ग फुट पार्किंग क्षेत्र भी उपलब्ध होगा।
पूर्व मेयर एवं क्षेत्र पार्षद हरप्रीत कौर बबला ने बताया कि मौजूदा सामुदायिक केंद्र का निर्माण लगभग 1986 में हुआ था और यह करीब चार दशकों से क्षेत्रवासियों की सेवा कर रहा था। लंबे समय तक उपयोग के कारण भवन काफी जर्जर हो गया था और इसकी संरचना भी खराब हो चुकी थी, जिसके कारण इसका लगातार सार्वजनिक उपयोग संभव नहीं था। उन्होंने नए सामुदायिक केंद्र के लिए राज्यपाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।
परियोजना की अनुमानित लागत ₹7,84,67,378 (लगभग ₹7.85 करोड़) है और इसे 12 जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नया केंद्र आधुनिक सुविधाओं और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं से युक्त होगा, ताकि सेक्टर-29 के निवासियों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतें पूरी की जा सकें।