चंडीगढ़, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंजाब लोक भवन के लॉन में पारंपरिक ‘एट होम’ समारोह का आयोजन किया। समारोह में पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री समेत दोनों राज्यों के प्रमुख जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हुईं।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया शाम 5 बजे समारोह स्थल पर पहुंचे। पुलिस बैंड ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ का वादन और राष्ट्रगान हुआ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंजाब लोक भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कटारिया ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे मुलाकात कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
पंजाब-हरियाणा के प्रमुख नेता रहे मौजूद
समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष स. कुलतार सिंह संधवां, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, सांसद मनीष तिवारी तथा सांसद स. सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों में पंजाब के मुख्य सचिव के. ए. पी. सिन्हा, यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, पंजाब के राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह तथा पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव मौजूद रहे।
विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने लिया हिस्सा
समारोह में सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष, चिकित्सक, पत्रकार, उद्योगपति तथा पंजाब एवं चंडीगढ़ के नागरिक और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हुए।
‘एट होम’ समारोह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय एकता, सौहार्द और भाईचारे की भावना के साथ एकजुट होकर देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने का अवसर प्रदान किया।