चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) राजकीय शिक्षा महाविद्यालय, सेक्टर-20 डी, चंडीगढ़ में बीएड और पीजीडीजीएंडसी के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं टैलेंट हंट का 22 अगस्त को समापन हुआ। 19 से 22 अगस्त तक चले कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी देने के साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, टैलेंट हंट, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों तथा सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों (यूएचवी) से संबंधित सत्रों में शामिल किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सपना नंदा ने विद्यार्थियों और मुख्य अतिथि रामकृष्ण मिशन आश्रम, चंडीगढ़ के सचिव स्वामी भीतिहरानंद का स्वागत किया।
स्वामी भीतिहरानंद ने विद्यार्थियों को संस्थान का हिस्सा बनने पर बधाई दी और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने आत्मचिंतन और आनंदपूर्ण अधिगम के महत्व पर जोर देते हुए भारतीय आदर्श ‘आचार्य देवो भव’ को अपनाने के लिए भावी शिक्षकों को प्रेरित किया।
महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से कराया परिचित
डीन डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय और उसके शैक्षणिक वातावरण की जानकारी दी। संकाय सदस्यों ने अध्ययन योजना, आकलन, परीक्षाओं, छात्रवृत्ति, उपस्थिति और पुस्तकालय नियमों सहित अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं के बारे में बताया।
विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न समितियों, क्लबों और सहायता तंत्रों से भी अवगत कराया गया। इनमें रेड रिबन क्लब, यूएचवी सेल, एनएसएस सेल, कौशल विकास, सांस्कृतिक गतिविधियां, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, एंटी-रैगिंग एवं समान अवसर प्रकोष्ठ, आंतरिक शिकायत समिति, मार्गदर्शन एवं परामर्श इकाई, पूर्व छात्र संघ, विधिक साक्षरता एवं साइबर स्वच्छता मिशन, इको क्लब, चुनावी साक्षरता क्लब और प्लेसमेंट सेल शामिल हैं।
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
महाविद्यालय के एनएसएस सेल ने ब्रह्माकुमारीज, चंडीगढ़ के सहयोग से ‘नशामुक्त समाज के लिए आध्यात्मिक जागृति’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। सिस्टर रेखा और सिस्टर सरला ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स, चंडीगढ़ पुलिस से एएसआई बबीता और हेड कांस्टेबल नवीन कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बलविंदर कौर, डॉ. आरती भट्ट और डॉ. उपासना थपलियाल ने भी विद्यार्थियों को आत्म-अनुशासन और जिम्मेदार निर्णय लेने के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम की रूपरेखा डॉ. लीलू राम, स्टाफ सेक्रेटरी ने तैयार की। इसका क्रियान्वयन डॉ. वंदना अग्रवाल और डॉ. रविंदर कुमार के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक समिति ने किया। यूएचवी अभिमुखीकरण का आयोजन यूएचवी सेल ने डॉ. शिवजी सिंह, समन्वयक के संयोजन में किया। इसमें डॉ. निशा सिंह और डॉ. रविंदर कुमार सदस्य रहे। यूएचवी के शैक्षणिक सत्र का संचालन डॉ. गरिमा जोशी, सह-समन्वयक, यूएचवी सेल, पंजाब विश्वविद्यालय ने किया।