चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) सेक्टर-40 मार्केट को चंडीगढ़ का पहला ग्रीन मार्केट बनाने की दिशा में नगर निगम ने पौधरोपण अभियान शुरू किया है। इसके तहत मार्केट के आसपास खाली और उपेक्षित पड़ी जगहों में करीब 2,500 पौधे लगाए जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत नगर निगम के संयुक्त आयुक्त बलबीर राज सिंह और स्थानीय पार्षद गुरबख्श रावत ने की। इस दौरान स्थानीय निवासियों और मार्केट एसोसिएशनों ने भी भाग लिया।
संयुक्त आयुक्त बलबीर राज सिंह ने पहल को अनूठा और अभिनव प्रयास बताया। उन्होंने पार्षद गुरबख्श रावत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मार्केट के प्रवेश द्वारों के आसपास उपेक्षित जगहों को हरित क्षेत्र में बदलने से शहर के वातावरण में सुधार होगा।
पार्षद गुरबख्श रावत ने कहा कि बाजारों के प्रवेश द्वारों के आसपास खाली जगहें अक्सर कचरा, मलबा और अन्य अपशिष्ट डालने का स्थान बन जाती हैं। ऐसी जगहों की सफाई कर वहां घास, पौधे और पेड़ लगाने से बाजार की स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण में सुधार किया जा सकता है।
मलबा हटाकर विकसित किए ग्रीन बेड
नगर निगम ने अभियान के तहत खाली पड़े स्थानों से मलबा हटाया और जमीन तैयार कर ग्रीन बेड विकसित किए। इसके बाद वहां घास और पेड़-पौधे लगाए गए। इस पहल को स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों से भी जोड़ा गया है, ताकि अनुपयोगी और उपेक्षित जगहों को स्वच्छ व हरित क्षेत्रों में बदला जा सके।
हॉर्टिकल्चर के अधीक्षण अभियंता प्रतिपाल सिंह ने बताया कि परियोजना के लिए नगर निगम को कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ रहा है। उपलब्ध निगम संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इनमें वन विभाग से मिले पौधों के साथ नगर निगम की नर्सरियों में तैयार किए गए पौधे भी शामिल हैं।
प्रतिपाल सिंह की देखरेख में हॉर्टिकल्चर टीम ने अभियान को जमीन पर उतारा। कार्यकारी अभियंता अश्वनी कुमार सहित टीम के अन्य कर्मचारियों ने भी अभियान के क्रियान्वयन में सहयोग दिया।
अन्य बाजार एसोसिएशनों और आरडब्ल्यूए से जुड़ने की अपील
गुरबख्श रावत ने नगर निगम की टीम का आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय निवासी और व्यापारी लंबे समय से सेक्टर-40 मार्केट को अधिक स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाने की मांग कर रहे थे। इस पहल से उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने अन्य मार्केट एसोसिएशनों और आरडब्ल्यूए से भी ‘ग्रीन मार्केट कैंपेन’ से जुड़ने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास गंदे या अनुपयोगी स्थानों की पहचान कर सफाई, लैंडस्केपिंग और पौधरोपण के जरिये उन्हें विकसित करने का आग्रह किया। इसके लिए नगर निगम और स्थानीय पार्षदों के साथ समन्वय करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम, मार्केट एसोसिएशन, आरडब्ल्यूए और नागरिक मिलकर काम करें तो चंडीगढ़ को और स्वच्छ, हरित व सुंदर बनाया जा सकता है।