चंडीगढ़ (प्रोसन बर्मन) भारत विकास परिषद् चैरिटेबल ट्रस्ट, चंडीगढ़ ने अपने 'साक्षरता' प्रकल्प के तहत सेक्टर 18 स्थित पी.एम. श्री गवर्नमेंट गर्ल्स मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए पर्सनैलिटी डेवलपमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया। वर्कशॉप का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रेरित करना तथा उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक व्यक्तित्व एवं जीवन कौशल विकसित करने की दिशा में मार्गदर्शन देना था। इसमें चंडीगढ़ के विभिन्न सरकारी स्कूलों के कक्षा 11 के 106 मेधावी विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिन्हें भारत विकास परिषद् की साक्षरता प्रकल्प के अंतर्गत शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने वक्ता के साथ खुलकर संवाद किया तथा करियर, आत्मविश्वास और जीवन में सफलता से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यशाला में "सफल कैसे बनें?" विषय पर प्रकल्प के डॉयरेक्टर एवं BSNL से रिटायर्ड डीजीएम अशोक कुमार गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच, प्रभावी संवाद कौशल और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने, समय का सदुपयोग करने, अच्छी आदतें विकसित करने तथा असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद् के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं कुलपति जीवाजी यूनिवर्सिटी डॉ० सत्य प्रकाश तिवारी जी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के मार्गदर्शन का अधिकतम लाभ उठाएं और जीवन में सफलता प्राप्त करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करें। अपने संदेश में उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास का मूल मंत्र दिया। अपने आप से स्पर्धा करने की सलाह भी दी।
इस अवसर पर साक्षरता परियोजना से जुड़ी अभिलाषा शर्मा जी ने मंच संचालन करते हुए साक्षरता प्रकल्प के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह प्रकल्प आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता, मार्गदर्शन तथा व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग कर रही है।
रमण शर्मा जो इस प्रोजेक्ट के को-डॉयरेक्टर है उन्होंने सभी छात्रों को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी वितरित करवाने के साथ-साथ सूचित किया कि स्कॉलशिप की प्रथम किस्त जल्दी ही दे दी जाएगी।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद् के वरिष्ठ सदस्य पी.के. शर्मा जी, के के त्रिखा जी, महेश गुप्ता जी, अनुराधा सूद, अनीता भाटिया, निर्मल गोयल, मदन लाल एवं के.पी. राणा उपस्थित रहे। इसके अलावा ऐलेंजर्स केयर फाउंडेशन के प्रतिनिधि जितेन्द्र सिंह एवं अरोड़ा भी मौजूद रहे, जिन्होंनें परिषद् द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की एवं निरंतर सहयोग देने का संकल्प दोहराया। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से छात्र परी एवं अनु ने भारत विकास परिषद् एवं उनके कार्यों के बारे में जानकारी दी। रंजीत सिंह जी ने बच्चों को SWOT के बारे में पूरी जानकारी दी। संगीता जी स्कूल की इकोनॉमिक्स की लेक्चरर ने भारत विकास परिषद् के उद्देश्य की प्रशंसा की ओर भारत विकास परिषद् को ज्वाइन भी किया।
कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं और सफलता की राह में आने वाली चुनौतियों से निपटने, सही लक्ष्य निर्धारित करने तथा सकारात्मक सोच बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव प्राप्त किए। एक अन्य छात्र एकांश ने अपने सहपाठियों एवं आयोजकों का धन्यवाद किया। भारत विकास परिषद् ने सबके लिए जलपान की व्यवस्था भी की।