चंडीगढ़/फाजिल्का, आसफवाला वार मेमोरियल कमेटी ने भारतीय सेना के सहयोग से रविवार को आसफवाला वार मेमोरियल में ‘राखी सरहद के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य सेना और सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के बीच सैन्य-नागरिक संबंधों को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 10 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क समेत वरिष्ठ सैन्य और नागरिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
राखी बांधकर जताया सम्मान
आसपास के गांवों की महिलाओं और स्थानीय स्कूलों की करीब 1,000 छात्राओं ने लगभग 800 सेना के जवानों को राखियां बांधीं। इस दौरान जवानों के प्रति स्नेह, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम ने फाजिल्का के सीमावर्ती क्षेत्र में सेना और स्थानीय लोगों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और आपसी विश्वास को भी रेखांकित किया। आयोजन का संदेश रहा कि देश की रक्षा में तैनात जवानों और सीमावर्ती समुदाय के बीच संबंध केवल कर्तव्य तक सीमित नहीं, बल्कि विश्वास और अपनत्व पर भी आधारित हैं।