नया चंडीगढ़, होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (HBCH&RC), पंजाब में कैंसर उपचार के लिए मरीजों की बढ़ती संख्या ने पंजाब और आसपास के राज्यों में व्यापक एवं सुलभ कैंसर देखभाल की बढ़ती जरूरत को सामने रखा है। संस्थान ने रविवार को तीन दिवसीय होमी भाभा कैंसर कॉन्क्लेव (HBCC) 2026 का समापन किया। इस वर्ष कॉन्क्लेव का विषय ‘ब्रिजिंग गैप्स इन ऑन्कोलॉजी : मल्टीडिसिप्लिनरी मैनेजमेंट ऑफ कॉमन कैंसर’ रहा।
HBCH&RC के निदेशक डॉ. आशीष गुलिया ने बताया कि संस्थान पंजाब के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा से आने वाले मरीजों को कैंसर उपचार उपलब्ध करा रहा है।
2025 में 17,903 नए मरीज पहुंचे
अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में 17,903 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। इस दौरान 51,155 कीमोथेरेपी सत्र, 6,840 से अधिक सर्जिकल प्रक्रियाएं, 28,403 अस्पताल में भर्ती और 7,805 रेडियोथेरेपी की गईं। प्रयोगशालाओं में 12.6 लाख से अधिक जांच भी हुईं।
डॉ. गुलिया ने कहा कि 2026 में अब तक 13,260 नए मरीजों का पंजीकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि नए मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी क्षेत्र में कैंसर के बढ़ते बोझ और व्यापक उपचार सेवाओं की मांग को दर्शाती है।
तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में देशभर के ऑन्कोलॉजिस्ट और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने व्याख्यान, पैनल चर्चा, वैज्ञानिक प्रस्तुतियों और कार्यशालाओं में हिस्सा लिया। इसमें जीआई ऑन्कोलॉजी और हेमेटोलॉजी के अलावा हेड एंड नेक कैंसर, थोरेसिक ऑन्कोलॉजी और डेंटल रिहैबिलिटेशन पर सत्र हुए।
सुखना झील पर जागरूकता वॉकथॉन
रविवार को सुखना झील पर कैंसर जागरूकता वॉकथॉन भी आयोजित किया गया। इसमें 400 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों, कैंसर सर्वाइवर्स और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव मुख्य अतिथि रहे।
डॉ. गुलिया ने कहा कि कैंसर के खिलाफ शुरुआती पहचान सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। समय पर पता चलने पर कई प्रकार के कैंसर का प्रभावी उपचार संभव है।