चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ में साइबर ठगों ने वाहन चालान और गैस बिल भुगतान के नाम पर दो लोगों को फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाकर 11.10 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना सेक्टर-17 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। पहले मामले में सेक्टर-45 निवासी विनोद कुमार ने शिकायत दी कि उन्हें वाहन चालान से संबंधित एक लिंक भेजा गया। लिंक के माध्यम से ‘mParivahan’ के नाम से मालिशियस APK फाइल डाउनलोड करवाई गई, जिसके बाद उनके साथ 4,72,086 रुपये की ठगी हो गई। पुलिस ने FIR नंबर 142 के तहत मामला दर्ज किया है।
फर्जी Adani Gas APK से 6.38 लाख की ठगी
दूसरे मामले में सेक्टर-17 स्थित BSNL भवन निवासी सुनील कुमार ने शिकायत में बताया कि गैस बिल भुगतान के नाम पर उन्हें Adani Gas की फर्जी APK फाइल भेजी गई। इसे डाउनलोड करने के बाद उनके साथ 6,38,815 रुपये की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने FIR नंबर 143 दर्ज की है। दोनों मामलों में जांच जारी है।
निषेधाज्ञा का उल्लंघन, 52 के खिलाफ केस
सेक्टर-3 थाने में पुलिस ने निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में कमलजीत ठाकुर समेत 52 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार आरोपी कथित तौर पर अवैध रूप से एकत्र हुए और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को धारा 163 BNSS लागू होने की जानकारी देते हुए वहां से हटने को कहा, लेकिन उन्होंने आदेश का पालन नहीं किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।
घर से दो गैस सिलेंडर चोरी
सेक्टर-39 थाने में हरकीरत सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दो गैस सिलेंडर चोरी करने का केस दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 22 अगस्त को सेक्टर-37-सी स्थित उनके घर से सिलेंडर चोरी हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।