चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) स्थायी लोक अदालत (जन उपयोगी सेवाएं), यूटी चंडीगढ़ ने जीसीसीबीए, सेक्टर 50 के सहयोग से मंगलवार को एडीआर सेंटर, सेक्टर 43 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को स्थायी लोक अदालत की अवधारणा, अधिकार क्षेत्र और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत (जन उपयोगी सेवाएं), यूटी चंडीगढ़ के अध्यक्ष संजय कुमार सचदेवा मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने परिवहन, डाक एवं तार सेवाओं, बिजली, जलापूर्ति, स्वच्छता, अस्पताल और बीमा जैसी जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों में त्वरित और किफायती न्याय उपलब्ध कराने में स्थायी लोक अदालत की भूमिका बताई।
पहले सुलह का प्रयास, फिर फैसला
संजय कुमार सचदेवा ने बताया कि स्थायी लोक अदालत पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास करती है। सुलह नहीं होने पर वह मामले के गुण-दोष के आधार पर निर्णय दे सकती है। उन्होंने मामला दायर करने की प्रक्रिया और आम नागरिकों के लिए इसके लाभों की जानकारी भी दी।
स्थायी लोक अदालत की सदस्य रूनम कौशिक और सुरजीत कौर वालिया ने भी लोक अदालत व्यवस्था के लाभ बताए। उन्होंने विद्यार्थियों से वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जीसीसीबीए की प्राचार्या डॉ. संगम कपूर, डीन प्रो. पूनम अग्रवाल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आंचल मलिक और प्रशिक्षण एवं परामर्श प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. आरती कौशल मौजूद रहीं। विद्यार्थियों ने संवादात्मक सत्र में जन उपयोगी सेवाओं और स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे।