चंडीगढ़, सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सेक्टर 28-सी में मंगलवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया गया। इसमें चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के 19 प्रमुख प्रतिष्ठानों ने हिस्सा लिया। विभिन्न ट्रेडों में 959 अप्रेंटिसशिप रिक्तियां उपलब्ध कराई गईं, जबकि 302 प्रशिक्षु अभ्यर्थियों ने मेले में पहुंचकर आवेदन किया।
मेले में सीटीयू, हरियाणा रोडवेज, टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल), सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी (एससीएल), डीजीआरई, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), वेरका मोहाली मिल्क प्लांट, महिंद्रा डीलरशिप्स और डेल्ट्रॉन चंडीगढ़ समेत 19 प्रतिष्ठानों ने भाग लिया।
विभिन्न ट्रेडों में अवसर
इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, कोपा (कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट), टर्नर, कारपेंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत विभिन्न ट्रेडों में पद उपलब्ध कराए गए। अभ्यर्थियों ने उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत कर आवेदन जमा किए। मौके पर ही स्क्रीनिंग और मूल्यांकन की प्रक्रिया भी हुई।
पालिका अरोड़ा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया
यूटी चंडीगढ़ की राज्य अप्रेंटिसशिप सलाहकार-सह-निदेशक, तकनीकी शिक्षा पालिका अरोड़ा, पीसीएस ने आयोजन स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिभागी प्रतिष्ठानों और अभ्यर्थियों से बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण और औद्योगिक अनुभव के जरिए करियर मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कौशल विकास और रोजगार सृजन में योगदान के लिए प्रतिष्ठानों की सराहना की।