चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) दत्तक ग्रहण प्रक्रिया में बच्चों की सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों के पालन को लेकर मंगलवार को यूटी स्टेट गेस्ट हाउस, सेक्टर-6 में राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में राज्य दत्तक ग्रहण संसाधन एजेंसी (SARA) ने केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव हरप्रीत सिंह सूडान ने किया। उन्होंने कहा कि दत्तक ग्रहण केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि बच्चे को परिवार, प्रेम और पहचान का अधिकार देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बाल तस्करी, अवैध हस्तांतरण और शोषण जैसे जोखिमों से बच्चों को बचाने के लिए निर्धारित सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।
कानूनी दत्तक ग्रहण के प्रति जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम में दत्तक अभिभावकों के अनुभवों पर आधारित वीडियो दिखाया गया। कानूनी दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया और अवैध दत्तक ग्रहण के लिए निर्धारित दंड से संबंधित सन-बोर्ड भी जारी किए गए। प्रशिक्षण में दत्तक ग्रहण विनियम, बच्चों की पहचान, परिवार आधारित देखभाल और विभिन्न संबंधित संस्थाओं की भूमिका पर विशेषज्ञ सत्र हुए।
मिशन वात्सल्य पोर्टल के माध्यम से CARINGS पर डिजिटल दत्तक ग्रहण प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में निदेशक समाज कल्याण नवीन रट्टू, यूटीसीपीएस की कार्यक्रम प्रबंधक बिस्मन आहूजा सहित विशेषज्ञ मौजूद रहे। बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई, स्वास्थ्य विभाग, विशिष्ट दत्तक ग्रहण एजेंसी, बाल देखभाल संस्थानों और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 से जुड़े 58 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।