चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने मंगलवार को ‘पहाड़ी बाजार’ की उत्पाद कैटलॉग और पहाड़ी गाय के घी को लॉन्च किया। इस दौरान ‘पहाड़ी बाजार’ की टीम ने उन्हें अपने उत्पादों और ग्रामीण उत्पादकों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।
टीम ने बताया कि ‘पहाड़ी बाजार’ में कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से प्राप्त 140 से अधिक उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें पहाड़ी क्षेत्रों के पारंपरिक और ग्रामीण उत्पाद शामिल हैं। एक्स एयर फोर्स वेटरन द्वारा शुरू किया गया यह उपक्रम सेक्टर 44-डी, चंडीगढ़ स्थित स्टोर के अलावा ट्राइसिटी, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में स्टोर नेटवर्क के माध्यम से उत्पाद उपलब्ध करा रहा है।
100 से अधिक ग्रामीण समूहों से जुड़ाव
टीम के अनुसार, ‘पहाड़ी बाजार’ 100 से अधिक स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), विलेज ऑर्गनाइजेशन, एफपीओ और ग्रामीण समूहों के साथ जुड़ा है। इसके माध्यम से किसानों, कारीगरों, ग्रामीण उत्पादकों और महिला उद्यमों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मेयर सौरभ जोशी ने पहल की सराहना करते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ग्रामीण उत्पादकों तथा शहरी उपभोक्ताओं के बीच संपर्क मजबूत करने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करती है और ग्रामीण समुदायों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मददगार है।