चंडीगढ़, श्री गुरु हरकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, सेक्टर 40-सी में मंगलवार को विद्यालय कैबिनेट के इन्वेस्टिचर समारोह के साथ इंटरैक्ट क्लब और अर्लीएक्ट क्लब का स्थापना समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करना रहा।
समारोह में लोकल कमेटी के अध्यक्ष डॉ. परमजीत सिंह, उपाध्यक्ष स. इंदरजीत सिंह, मेंबर इंचार्ज स. मनमोहन सिंह, मेंबर स. रविंदर सिंह तथा रोटरी क्लब ऑफ चंडीगढ़ की सचिव रोटेरियन शबाना आज़म, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन जतिंदर कपूर, रोटेरियन अरुण अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। राष्ट्रगान और विद्यालयी शबद के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। चार कैप्टन, मुख्य कैबिनेट, जूनियर कैबिनेट और दो राइजिंग स्टार्स ने पदभार संभाला। अतिथियों ने उन्हें बैज पहनाकर जिम्मेदारियां सौंपीं।
ई-वेस्ट पर नाटक, प्लास्टिक के खिलाफ नृत्य
विद्यार्थियों ने ‘ट्रायल ऑफ ह्यूमैनिटी वर्सिज टेक्नोलॉजी’ नाटक के जरिए तकनीक के विवेकपूर्ण उपयोग और ई-वेस्ट के उचित निस्तारण का संदेश दिया। कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों ने प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर नृत्य प्रस्तुति दी।
इसके बाद इंटरैक्ट और अर्लीएक्ट क्लब की नई टीम को बैज पहनाकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निवर्तमान अध्यक्षों ने क्लब की वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। रोटेरियन शबाना आज़म ने विद्यार्थियों को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. परमजीत सिंह ने ई-वेस्ट और प्लास्टिक का जिम्मेदारी से निस्तारण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन गिद्धा प्रस्तुति से हुआ। प्रधानाचार्या शमा कुक्कल ने अतिथियों, प्रबंधन, रोटेरियन्स, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया।