चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि आयोग के समक्ष लंबित करीब 7,000 शिकायतों का जल्द निपटारा प्राथमिकता है। आयोग अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा, न्याय और समानता सुनिश्चित करने के साथ समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहा है। वह बुधवार को यूटी स्टेट गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
ग्रेवाल ने कहा कि चंडीगढ़ दौरे का उद्देश्य पंजाब के अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मुद्दों को समझना और उनके सुझाव लेना है। आयोग देशभर में विभिन्न समुदायों और हितधारकों से संवाद कर उनके सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक और प्रशासनिक सरोकारों को समझ रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग के अधिकार क्षेत्र में आने वाली शिकायतों और सुझावों की समीक्षा की जाएगी।
धार्मिक स्वतंत्रता और समान सम्मान पर जोर
ग्रेवाल ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता और सभी समुदायों के लिए समान सम्मान संवैधानिक सिद्धांत हैं। सिख बंदियों और पैरोल से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामले कानून-व्यवस्था के दायरे में आते हैं और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार निपटाए जाते हैं।
उन्होंने श्री हेमकुंट साहिब समेत धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले सिख श्रद्धालुओं की सुरक्षा, गरिमा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों से जुड़े मामलों का समाधान बातचीत, निर्धारित प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों के समन्वय से किया जाना चाहिए।